मौसेरी बहन को ले जाने वाले चार बच्चों के बाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने सगी मौसी की लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी चार बच्चों के बाप के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी सगी साली के लड़के पर उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पीड़ित पिता ने बताया कि आरोपी युवक चार बच्चों का बाप है तथा करीब एक वर्ष से उसके घर पर रहकर राज मिस्त्री का काम कर रहा था। आरोप लगाया कि गत 19 जुलाई को उनकी गैर मौजूदगी में आरोपी युवक उसकी 19 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया। जिसका आज तक भी कोई सुराग नही लगा है। कोतवाल अभिषेक सिरोही ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी अनुज पुत्र ईसम सिंह निवासी पृथ्वी विहार, जिला करनाल हरियाणा के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि लड़की की बरामदगी को लेकर दोनों पक्षों लोगों के बीच पंचायतें भी हो चुकी हैं तथा रविवार को इसी बात को लेकर गांव में हुई पंचायत में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक के पिता को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई थी।