रामपुर मनिहारान। अंचल हत्या में नामजद पांच आरोपियों में से तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान किया है। बाकी दो की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बता दें कि रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव कल्लरपुर गुर्जर निवासी 45 वर्षीय किसान अंचल पुत्र मंगल दस जनवरी को घर से लापता हो गया था। उनका शव 13 जनवरी को गांव कंजौली के पास नहर से बरामद किया गया था। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंचल की मौत सिर में चोट लगने से अधिक खून बह जाने से होना आई थी। इसके बाद मृतक के पुत्र गौरव ने गांव के ही देवेंद्र, रविंद्र, सुशील, बोबी, काला उर्फ समय सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को पुलिस ने तीन नामजद बोबी, सुशील, देवेंद्र को मुखबिर की सूचना पर इस्लाम नगर रोड से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा ने बताया बाकी दो की तलाश में दबिश दी जा रही है।