बेहट (सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस में एटीएम कार्ड बदलकर बैंक अकाउंट से कैश निकालने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गिरोह के सदस्यों से 9 एटीएम कार्ड, 4900 रुपये का कैश और एक कार बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छोटे सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे नागल थाना क्षेत्र के बडोली गांव निवासी संदीप पुत्र रणवीर सिंह बेहट में बस स्टैंड पर स्थित इंडियन एटीएम से पैसे निकाल रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की कार एटीएम के बाहर आकर रुकी। किसी कारणवश उसके पैसे नहीं निकले। इतने में कार से चार युवक उतरकर एटीएम में पहुंच गए और उन्होंने उससे पैसे निकाल कर देने के लिए टाइम मांगा, लेकिन उनके द्वारा भी एटीएम लगाने पर कैश नहीं निकल सका। इस पर वहां से निकल गया। एक मिनट बाद ही उसके मोबाइल पर मेसेज आया। उसके खाते से 4500 रुपये का कैश निकाला गया था। वह तुरंत कोतवाली पहुंचा और अकाउंट से एटीएम बदलकर कैश निकालने जाने की सूचना दी। पुलिस तुरंत संदीप द्वारा बताई गई काले रंग की कार की तलाश में लग गई और कार को शाकंभरी रोड पर पीछा करने के बाद पूर्वी यमुना नहर के पुल पर पकड़ लिया गया। कार में सवार चारों युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास से 9 एटीएम कार्ड और संदीप के अकाउंट से निकला गया 4500 रुपये का कैश बरामद हुआ।
पूछताछ में पकड़े गए विजय पुत्र धर्मपाल निवासी नवीन नगर थाना सदर बाजार, गौतम कुमार पुत्र भंवर सिंह निवासी गांव मनोहरपुर थाना सदर बाजार, रोबिन पुत्र पुत्र सोमपाल निवासी मधुबन विहार गली नंबर 12 थाना सदर बाजार सहारनपुर और गौतम पुत्र हरि सिंह निवासी गांव जगरौली थाना रामपुर मनिहारान ने कबूल किया उनके द्वारा एटीएम कार्ड बदलकर इसी तरह से लोगों के बैंक अकाउंट से पैसे निकाले जाते हैं। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देवबंद, सहारनपुर के थाना मंडी, सदर बाजार, जनपद शामली और उत्तराखंड के बहादराबाद में भी एटीएम कार्ड बदलकर बैंक अकाउंट से कैश निकालने के आरोप में मामले दर्ज है। आरोपियों के खिलाफ संदीप की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया।