सहारनपुर की बड़गांव पुलिस ने गांव मिर्जापुर में काला बाजारी के लिए इकट्ठा किए गए सरकारी राशन के 400 बोरों सहित चार लोगों को धर दबोचा। भारी मात्रा में सरकारी राशन पकड़े जाने की सूचना पर विभाग एवं क्षेत्र के राशन डीलरों में हड़कंप मच गया।
आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर बड़गांव थाना प्रभारी छोटे सिंह ने भारी फोर्स के साथ गांव मिर्जापुर में छापेमारी की।
मौके पर भारी मात्रा में गेहूं और चावल मिला। चार लोगों को भी पकड़ लिया गया। सूचना पर पूर्ति निरीक्षक नीरज कुमार व राजीव कुमार भी मिर्जापुर निवासी यशपाल के आवास पर पहुंचे।
इस मौके पर उन्होंने ट्रैक्टर ट्रालियों में भरे जा रहे 256 बोरे गेहूं एवं 194 बोरे चावल मिले। बताया जाता है कि यह गेहूं और चावल राशन डीलर का है। इसे मिर्जापुर गांव में सरकारी बोरों से बदलकर साधारण बोरियों में भरा जा रहा था।
थानाध्यक्ष छोटे सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। डीएम के अनुमोदन के बाद ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जायेगा। उधर, पूर्व विधायक शशीबाला पुंडीर ने कहा कि काफी समय से गरीबों के राशन की पूर्ति विभाग की मिलीभगत से कालाबाजारी की जा रहा है। ऐसे लोगों पर एनएसए की कार्रवाई की जानी चाहिए।