सहारनपुर। खान विभाग ने अवैैध रूप से खनन सामग्री लाने वालों पर शिकंजा कस दिया है। मंगलवार को चलाए गए अभियान के चलते उत्तराखंड से बिना वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री ला रहे आठ वाहनों को खान विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। इनकी जांच कर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
खान विभाग ने अवैध रूप से जनपद में खनन सामग्री ला रहे वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को आठ वाहनों को पकड़ा है। इनमें चार ट्रक गागलहेड़ी, तीन ट्रक फतेहपुर और एक को बिहारीगढ़ से पकड़ा है। इनके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जिले में वैध प्रपत्रों के आधार पर हरियाणा और उत्तराखंड से खनन सामग्री लाई जा रही है, लेकिन कुछ लोग बिना वैध प्रपत्रों के भी खनन सामग्री ला रहे हैं। विभाग ने ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। जिसके चलते विभागीय टीम लगातार खनन सामग्री लाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही है। जिला खनन अधिकारी ने पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को बिना वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री लाने वाले आठ वाहनों को पकड़ा गया है। इसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनपद में अवैध खनन सामग्री लाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।