देवबंद (सहारनपुर)। उत्तराखंड के रुड़की से 25 लाख रुपये लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने बॉर्डर समेत सभी पुलिस चौकियों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
रुड़की के बीएसएम तिराहे पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में कैश डालने आए सिक्योर वैल्यू कंपनी के गार्ड को गोली मारकर 25 लाख रुपये से भरा बॉक्स लूटकर फरार हुए बाइक सवार तीन बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने सीमा से सटी पुलिस चौकी समेत क्षेत्र की तमाम चौकियों पर दुपहिया और चौपहिया वाहनों की तलाशी ली। पुलिस ने वाहनों के कागजातों की जांच करने के साथ ही संग्दिधों से पूछताछ की। पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा। स्थानीय पुलिस को वायरलेस के द्वारा सूचना दी गई थी कि पल्सर सवार तीन बदमाश 25 लाख रुपये लूटकर फरार हुए हैं। जिनमें एक युवक काले रंग का हेलमेट लगाए हुए हैं। जिसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई।