थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में कुछ दिन पहले तमंचे से गोली मारकर बाइक और मोबाइल लूटने के तीन बदमाश गिरफ्तार किए हैं। गागलहेड़ी पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, 300 रुपये और घटना में प्रयुक्त की गई बाइक बरामद की है।
शनिवार को एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 10 नवंबर को शाम के समय इन तीन बदमाशों ने थाना गागलहेड़ी के नागल अहीर निवासी राकेश कुमार के बुआ के लड़के जेके कुमार से यह बाइक लूटी थी।
भगवानपुर रोड पर नागल अहीर अड्डे पर इस वारदात को अंजाम देते समय बदमाशों ने जेके को तमंचे से गोली मार दी थी। इसमें उसकी बाई आंख बाल-बाल बची। बदमाश धन तेरस पर ही खरीदी गई नई बाइक, मोबाइल फोन और 300 रुपये लूट ले गए थे।
उन्होंने बताया कि थाना गागलहेड़ी प्रभारी नरेंद्र शर्मा, उप निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह, रघुराज सिंह, संजय यादव और रवि कुमार की टीम ने इन तीनों आरोपियों को पकड़ा।
एक मुखबिर की सूचना पर मुजफ्फरनगर जाते समय चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ा गया। उन्हें मुजफ्फरनगर रोड स्थित खजूरी काली मंदिर के सामने गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाशों में मुजफ्फरनगर के थाना भोपा के मनपुरा निवासी अभि त्यागी, थाना गागलहेड़ी के फिराहेडी निवासी अनिल त्यागी और इसी गांव से मोनू त्यागी शामिल हैं।