सहारनपुर। नक्काशी के काम की मजदूरी मांगने को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर हंगामा किया।
मंडी कोतवाली के मोहल्ला धोबीघाट निवासी अकरम और बिलाल पुत्र इकराम साबरी के बाग में लकड़ी पर नक्काशी का काम करते है। आरोप हैं कि कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मोहल्ला हाकमशाह निवासी नईम और अनीस ने अकरम और बिलाल से लकड़ी पर नक्काशी का काम कराया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे अकरम अपनी मजदूरी के 20 हजार रुपये मांगने के लिए नईम के लकड़ी के कारखाना पर पहुंचा। आरोप है कि जब अकरम ने नईम से पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। जिस पर विवाद हो गया। नईम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अकरम के साथ मारपीट कर दी। अकरम उनसे छूट कर भागा और अपने भाई बिलाल तथा रिश्तेदार साजिद को बुला लाया। तीनों एकत्रित होकर फिर से नईम के पास पहुंचे। दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार इसी दौरान नईम का भाई अनीस दो अन्य युवकों के साथ चाकू लेकर पहुंचा और बिलाल के पेट में चाकू घोंप दिया। जबकि अकरम को भी घायल कर दिया। अनीस ने चाकू से बिलाल का पेट फाड़ डाला। जिससे बिलाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बिलाल के गिरते ही कोहराम मच गया। अकरम और साजिद गंभीर रूप से घायल बिलाल को उठाकर अपने मोहल्ले की ओर भागे और बिलाल को कार में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने बिलाल को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी के घर पर दबिश दी। जहां भागने का प्रयास कर रहे अनीस को पुलिस ने दबोच लिया। जबकि नईम फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया। बिलाल के भाई अकरम ने अनीस और नईम को नामजद कराते हुए चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
लोगों ने किया थाने पर हंगामा
पुलिस ने मौके से एक आरोपी अनीस को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नईम घटना के बाद फरार हो गया। लोगों ने आरोपी नईम एवं दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुतुबशेर थाना पर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया।
अन्य आरोपी को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि लेनदेन को लेकर हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई है। एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।