सरसावा (सहारनपुर)। नगर पालिका कार्यालय में सभासद और नगर पालिका कर्मियों में हुए विवाद में जमकर हंगामा हुआ। पालिका कर्मचारियों ने सभासद पर कार्यालय में तोड़फोड़ करने तथा सरकारी दस्तावेज फाड़ने तथा उठाकर ले जाने का आरोप लगाया। महिला लिपिक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सभासद तथा भाई एवं एक अन्य सभासद प्रतिनिधि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
शनिवार को सुबह 11 बजे के करीब पालिका सभासद निधिकांत सभासद प्रतिनिधि वासिल तथा एक अन्य व्यक्ति किसी काम से पालिका कार्यालय पहुंचे। जहां किसी बात को लेकर सभासद तथा पालिका की महिला लिपिक रूमा चौहान के बीच कहासुनी हो गयी। जो बढ़कर गाली गालौज तक पहुंच गयी। इसी बीच पालिका में ही किसी अन्य काम से आये सभासद पति अरविंद राणा तथा सभासद अय्यूब अंसारी ने किसी प्रकार किसी प्रकार बीच बचाव कर मामले को शांत किया। पालिका में हुयी इस आपाधापी में कार्यालय में कुछ टूट फूट भी हो गयी। जिसके बाद महिला लिपिक रूमा चौहान ने थाने में सभासद निधिकांत सभासद पति वासिल तथा एक अन्य के विरूद्ध तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने तीनो के विरुद्ध 353, 354 ख, 392, 427, 504, 506 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष बिजेंद्र मोगा ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी सभासद निधिकांत ने मामले को राजनीति से प्रेरित तथा योजनाबद्ध तरीके से किया गया कार्य बताया। सभासद ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर पहले ही तहसील दिवस में प्रार्थनापत्र दे रखा है।