सहारनपुर। जिले में रह रहे दर्जनों विदेशी नागरिक परिवारों एवं कश्मीरियों को शरण देने वाले कमेला संचालकों पर प्रशासन शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है। कमेला संचालकों ने विदेशी नागरिकों को अपने यहां रख लिया और प्रशासन को भी कोई सूचना नहीं दी।
सहारनपुर शहर में म्यांमार के कई परिवारों के शरण लिए जाने का खुलासा हुआ है। जांच की गई तो कई कश्मीरी परिवार भी सहारनपुर में रहते हुए मिले। जबकि प्रशासन को इनकी भनक तक नहीं लगी। इन परिवारों के अधिकांश लोग कमेलों में काम कर रहे हैं। जबकि कमेला संचालकों ने बिना कोई सूचना प्रशासन को दिए विदेशियों को अपने यहां शरण दे दी। पुलिस ने इनको सूचीबद्ध कराया तो म्यांमार के दस परिवार तो सहारनपुर में मिले, जबकि 14 परिवार गंगोह में मिले। यही नहीं जांच के दौरान जिले के अलग-अलग स्थानों पर रहते हुए दर्जनों कश्मीरी परिवार भी पाए गए। इतनी बड़ी संख्या में बाहरी लोग सहारनपुर में बस गए और प्रशासन को कानोंकान खबर नहीं हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सकते में हैं।
पुलिस और प्रशासन अब शरण देने वाले कमेला संचालकों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि कमेला संचालकों को अपने यहां विदेशी नागरिकों को शरण देने की जानकारी प्रशासन को देनी चाहिए थी। उनका वेरीफिकेशन कराया जाना चाहिए था। ऐसे कमेला संचालकों को अब नोटिस भेजा जा रहा है। खुफिया विभाग भी लगातार इन परिवारों पर नजर लगाए हुए है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना कुछ परिवारों के पास अनुमति पत्र मिले हैं, जबकि कुछ लोगों द्वारा आवेदन किया है। अभी जांच की जा रही है। जो भी बिना अनुमति के रहते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।