बेहट (सहारनपुर)। 13 वर्षीय किशोरी के साथ उसी के मकान मालिक के बेटे ने दुष्कर्म कर डाला। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। सरसावा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि वह अपने पिता व छोटी बहन के साथ कोतवाली बेहट क्षेत्र के एक गांव में किराए के मकान में रह रहा है। सोमवार को वह अपने पिता के साथ मजदूरी करने के लिए चला गया। घर पर उसकी छोटी बहन अकेली थी। जब वह वापस आएं तो कमरे के अंदर उसकी 13 साल की बहन बदहवास हालत में पड़ी थी, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। होश में आने पर उसने बताया कि मकान मालिक का बेटा उनके कमरे में घुस गया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी कल्लू पुत्र सरजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।