सहारनपुर। शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर छोटी-छोटी बातों पर सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। दो स्थान पर तो युवतियों ने युवकों की सरेराह धुनाई कर डाली, जबकि जैन कॉलेज रोड पर लड़की की स्कूटी के बाइक में टकराने पर युवक के साथियों ने लड़की के पिता और भाई पर हमला कर दिया। पुलिस ने हमला करने के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शुक्रवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान मात्र चार डिग्री रहा, लेकिन लोगों का पारा गरम नजर आया। तीन अलग-अलग स्थानों पर न सिर्फ हंगामा हुआ, बल्कि जमकर हाथापाई भी हुई। शुक्रवार को लगभग चार बजे कलक्ट्रेट तिराहे के पास जैन कालेज रोड पर फोटोस्टेट की एक दुकान पर आई एक लड़की स्कूटी खड़ी कर रही थी। उसी समय पास की ही दुकान से एक युवक निकला और बाइक हटाने लगा। उसी समय बाइक स्कूटी से टकरा गई। आरोप है कि युवक ने लड़की के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। उसी समय फोटो स्टेट की दुकान में खड़े उसके पिता वहां पहुंचे और युवक को गाली देने से मना किया। उसी समय युवक का साथी आ गया और लड़की के पिता के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जिस पर लोगों ने दोनों को पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक युवक उनसे छूटकर भाग गया, जबकि दूसरे युवक को लोगों ने पुलिस को सौंप दिया।
कुछ ही देर बाद फरार हुआ युवक अपने साथ एक दर्जन युवकों को लेकर पहुंचा और दुकान पर मौजूद लड़की के भाई अजय बंसल और उसके पिता पर हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट की। मारपीट होते देख दुकानदार एकत्रित हो गए और उनको पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी मारपीट कर फरार हो गए। इस मामले में पंजाबी बाग निवासी अजय बंसल ने आरोपियों के लिए सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
दूसरा मामला पुलिस लाइन के निकट हकीकत नगर पर हुआ। एक व्यक्ति ने अपनी कार रोकी और अचानक खिड़की खोल दी। उसी समय एक महिला रिक्शा में सवार होकर आ रही थी, उसका रिक्शा अचानक कार की खिड़की खुल जाने से संतुलन नहीं बना पाया और महिला रिक्शा से नीचे गिर र्ग। जिस पर महिला का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। महिला ने कार चालक युवक को कार से बाहर खींच लिया और उस पर जमकर बरसी। उसकी जमकर पिटाई की और गालियां दीं। इस दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला पुलिस तक पहुंच गया। लेकिन किसी की ओर से शिकायत नहीं मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। तीसरा मामला मोरगंज बाजार का है। मोरगंज में स्कूटी से जा रही एक युवती को ई-रिक्शा चालक ने टक्कर मार दी। जिस पर युवती तमतमा गई। स्कूटी एक ओर खड़ी कर युवती ने ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया और फिर लात, घूंसे, थप्पड़ से ई-रिक्शा चालक की जमकर धुनाई कर डाली। लोग ई-रिक्शा चालक की धुनाई को खड़े हुए देखते रहे।