चिलकाना (सहारनपुर)। पंजाब में इमामत करने वाले व्यक्ति के ताला लगे घर से चोर लड़की की शादी के लिए रखे जेवर, नकदी तथा कीमती कपड़े चुरा ले गए। कस्बे के मोहल्ला हामिद हसन निवासी जुबैर पुत्र खुर्शीद पंजाब के मलेरकोटला में एक मस्जिद में इमामत का कार्य करता है। जुबैर के साथ उसकी पत्नी तथा बहन भी रहती है। चिलकाना स्थित मकान पर कोई नहीं रहता था तथा घर का ताला लगा रहता है। जुबैर की एक बहन गौहरजहां अपने पति के साथ कस्बे में ही रहती है, जो बन्द पडे़ मकान की देखभाल भी करते थे। मंगलवार शाम को गौहरजहां अपने पिता के घर आई तो कमरे का ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर की हालत देखकर गौहरजहां के पैरों तले की जमीन खिसक गई। चोरों ने घर में रखे संदूक, गोदरेज की अलमारी के ताले तोड़कर उसमें जुबैर की लड़की की शादी के लिए रखा एक सोने का हार, हाथों के चार कंगन, कानों की बाली, पाजेब, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की अंगूठी, 30 हजार रुपये नकदी तथा कीमती कपड़ा चुरा कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। जुबैर ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच पड़ताल की।