सहारनपुर। पुलिस एवं स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने एक मकान में छापा मारकर बड़े पैमाने पर चल रहे सट्टे के धंधे के भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मकान से सट्टा खेलने के आरोप में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मंडी कोतवाली पुलिस एवं स्वाट को सोमवार की शाम को मोहल्ला मछियारान में सट्टा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मछियारान में इमरान के घर को चारों ओर से घेर कर छापा मारा। मकान के अंदर डेढ़ दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे जो सट्टा लगा रहे थे। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 16 लोगों को दबोच लिया, जबकि इमरान एवं उसके कुछ अन्य साथी फरार होने में कामयाब हो गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनू, ललित, अनिल निवासी अंबाला रोड, प्रीतम सिंह निवासी रेलवे कालोनी खलासी लाइन, विकास रेलवे कालोनी माल गोदाम रोड, कलीम निवासी ग्राम रसूलपुर, जावेद निवासी ग्राम मुबारकपुर, रहीस निवासी पुरानी मंडी, अहकाम निवासी गुलशने फरीद कालोनी, शमशाद निवासी मोहल्ला मेहंदी सराय, रिहान निवासी ग्राम मानकमऊ, साजमा निवासी खान आलमपुरा, रहीस निवासी मोहल्ला पुरानी मंडी, नवाब निवासी बादशाही मस्जिद वाली गली, मोहम्मद खान आलमपुरा, फहीम निवासी एकता कालोनी तथा शहनवाज उर्फ साकल निवासी अलीशान पैलेस मोहल्ला इन्द्रा चौक थाना मंडी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13950 रुपये बरामद किए, पर्चियां, मोबाइल, नोटबुक बरामद कीं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मकान इमरान निवासी सराय फेज अली का है, जो बाकी साथियों के साथ मिलकर सट्टे का कारोबार करता है तथा पुलिस के आने पर मौका देखकर फरार हो गया। आरोपी सोनू ने बताया कि रहीस, शमशाद, ललित, विकास व मकान मालिक इमरान सट्टे के कारोबार को संचालित करते है और अनिल कुमार, प्रीतम सिंह, कलीम, जावेद, अहकाम, रिहान, साजमा, रहीस, नवाब, फहीम शहनवाज उर्फ साकल उनके सट्टे के कारोबार में सहयोग करते हैं। वे अपने-अपने मोबाइलों एवं अन्य संसाधनों से सट्टा लगाते हैं।