देवबंद (सहारनपुर)। राज्जुपुर गांव में गन्ना कोल्हू (चर्खी) पर मजदूरों के बीच हुई मारपीट में एक मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
राज्जुपुर गांव निवासी राहुल कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका पिता हुकुमचंद गांव में स्थित कोल्हू पर मजदूरी करता है। रविवार की रात्रि किसी बात को लेकर उसकी गांव निवासी महताब और अखलाक के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों लोग पिता के साथ गाली गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने पहले तो उसके साथ लात घूसों से मारपीट की गई और बाद में समीप ही पड़े लोहे के हथियार से उस पर हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे लोगों को आता देख उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बाद में परिजनों हुकुमचंद को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि राहुल की तहरीर पर दोनों लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।