छुटमलपुर (सहारनपुर)। पंचायत में छेड़छाड़ के आरोपी के साथ अमानवीय हरकत करने के दो और आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस इस मामले में नामजद किए गए सभी सात आरोपियों को जेल भेज चुकी है। उधर पीड़ित अभी भी अपने गांव नहीं लौटा है। वह डर और शर्मिंदगी के मारे अपनी ससुराल में ही रह रहा है। मामले की पैरवी उसका चाचा कर रहा है।
बता दें कि छह मार्च को बिहारीगढ़ थाने के गांव सुंदरपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी साजिद को पंचायत में अमानवीय व्यवहार का सामना करना पड़ा था। उसका सिर मुंडवाने के साथ ही मुंह काला करके गले में जूतों की माला डाली गई थी। मामले की वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने पीड़ित के चाचा की तहरीर पर सात आरोपियों के नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इनमें से पांच को तो पुलिस ने कल ही गिरफ्तार कर लिया था जबकि बाकि के दो सोहन और मोहन को पुलिस ने शुक्रवार को पकड़ कर जेल भेज दिया। मामले की गूंज शासन में लखनऊ तक पहुंचने के बाद डीजीपी कार्यालय से निर्देश मिलने पर थाना पुलिस में भी हड़कंप मचा है और वह इस प्रकरण में पूरी गंभीरता के साथ जुटी है। मामले की जांच कर रहे एसएसआई सुदेश कुमार ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों को जेल भेज भेजा जा चुका है। अन्य की जांच की जा रही है। निर्दोष कोई जेल नहीं जाएगा लेकिन और जो भी इस प्रकरण में दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर पंचायत का पीड़ित साजिद अभी भी पुलिस के सामने नहीं आया है। घटना वाले दिन के बाद से वह अपनी ससुराल में ही है। उसका चाचा सलीम ही मामले की पैरवी कर रहा है। हालांकि सलीम के अनुसार गांव में कोई खतरे वाली बात नहीं है।