पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर चालान किया
बड़गांव (सहारनपुर)। पुलिस ने दो सप्ताह पहले हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर चालान किया है। इनके पास से पुलिस ने एक बाइक, दो कारतूस, एक तमंचा 315 बोर तथा एक चाकू बरामद किया है।
दो सप्ताह पहले बड़गांव क्षेत्र में नानौता मार्ग पर कातला भट्टे के पास बदमाशों ने तमंचे की नोक पर नानौता निवासी इस्तकार पुत्र जिंदा हसन से बाइक लूट ली थी। रात को ही चंदपुर से आगे शब्बीरपुर मोड़ पर पुलिस की शमशाद गैंग के बदमाश सतीश कश्यप से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई थी। घायलावस्था में हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सतीश पुत्र रमेश निवासी कादरपुर बताते हुए अपने दो साथियों के नाम भी बताये थे। लूट में शामिल दोनों साथी बदमाश फरार हो गये थे। बृहस्पतिवार रात थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने चेकिंग के दौरान हिंडन नदी के पास देवबंद की ओर से आ रहे दो युवकों को रोका तो वे भागने लगे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम शिवम पुत्र अमरसिंह निवासी मांड़ेबांस गागलहेड़ी व अरुण पुत्र ओमप्रकाश निवासी सलारपुरा गंगोह बताये हैं। दोनों ही बदमाश दो सप्ताह पहले हुई पुलिस मुठभेड़ में शामिल थे। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस को बगैर नंबर की एक बाइक, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस व एक चाकू मिला है।