छुटमलपुर (सहारनपुर)। शादी के तीन माह बाद ही एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर जलाकर मार दिया गया। विवाहिता के दादा की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फतेहपुर थाने के गांव मुसैल निवासी वेदपाल की बेटी काक्की की शादी इसी साल 22 मई को गंगाली गांव के जोगेंद्र पुत्र सुखदेव के साथ हुई थी। विवाहिता के ताऊ के बेटे मिथुन ने बताया कि 22 अगस्त की शाम को काक्की की सुसराल से फोन आया कि वह जल गई है। इसके बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचे। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया था। वहां जाकर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद वह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अपने साथ मुसैल ले गए। जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसी दौरान उन्होंने पुलिस को जलाकर मारने की तहरीर दी गई लेकिन मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इससे खफा मृतका के 50 से भी ज्यादा परिजन रविवार को थाने पहुंचे और यहां हंगामा किया। मामला तूल पकड़ता देख आखिर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। दादा हरपाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति जोगेंद्र, जेठ बाबुराम, यशपाल, संजो पत्नी बाबुराम और मोहर सिंह पुत्र जीराम, मंतलेश पत्नि मोहर सिंह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाने पहुंचने वालों में चरण सिंह, सतपाल सिंह, लाला, राजेंद्र, पम्मी, पप्पु, संतोष, फूलमति, ललतेश, सलेलता, पारो, कुसुम आदि शामिल रहे। एसओ भानू प्रताप ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।