गंगोह। पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार में लगे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब बीस किलो डोडा पोस्त बरामद करने का दावा किया है। दो कार भी बरामद की गई।
सीओ राजेंद्र कुमार सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि रविवार रात कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार धलापड़ा पुलिस चौकी पर वाहनों की जांच कर रहे थे। उन्होंने सहारनपुर की तरफ से आ रही दो कारों को रोकने की कोशिश की तो कार चालक कारों को वापस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दोनों कारों को रोक लिया और उनमें सवार चार लोगों को हिरासत में ले लिया। कारों की तलाशी में अलग-अलग थैलों में कुल बीस किलो डोडा बरामद किया गया। पुलिस चारों आरोपियों को बरामद नशीले पदार्थ और स्कार्पियो एवं स्विफ्ट डिजायर कार सहित कोतवाली ले आई। सीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने नशीले पदार्थ की सप्लाई के धंधे में शामिल होने की बात कबूली है। पुलिस ने चारों के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया है। दोनों कारों को भी सीज कर दिया गया। आरोपियों के नाम हरियाणा के थाना इंद्री जिला करनाल अंतर्गत गांव गढ़ी गुजरान निवासी आलोक कुमार एवं थाना इंद्री अंतर्गत गांव समूर निवासी अजय के अलावा क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा निवासी अहसान एवं इंतजार बताए गए।