टेंट हाउस में आग से छह लाख का सामान जला
नागल। शनिवार रात गांव कोटा बस स्टैंड पर स्थित टेंट हाउस के गोदाम में किसी समय आग लग गई। आग से लाखों का सामान जल गया। रविवार सुबह गोदाम से धुआं निकलता देख लोगों ने टेंट मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीड़ित के अनुसार उसका करीब छह लाख रुपये का सामान जला है। पीड़ित ने पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नागल थाना क्षेत्र के गांव उमाही निवासी मुबारिक पुत्र जमशेद का कोटा बस स्टैंड पर स्टार टेंट हाउस है। रविवार सुबह करीब छह बजे पड़ोसियों ने उसे सूचना दी कि उसके टेंट के गोदाम में से धुआं निकल रहा है। वह आनन फानन में गोदाम पर पहुंचा और ताला खोला। अंदर सारा सामान जलने के बाद आग तो बुझ चुकी थी। जले हुए सामान से केवल धुआं उठ रहा था। पीड़ित के अनुसार उसके गोदाम में बिजली का कनेक्शन तक नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि आग किसी ने रंजिशन लगाई है। पीड़ित के अनुसार आग से करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर चौकी प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। दूसरी तरफ गांव नगली महनाज में किसान नरेश कुमार की करीब चार बीघा गन्ने की फसल जल गई। किसान का कहना है कि उसके खेत में बिजली का पोल खड़ा है। रविवार की दोपहर इस पोल पर लगे तार टूटने से निकली चिंगारी से उसकी फसल में आग लग गई। उसके पता चला तो पड़ोसी किसानों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी फसल बरबाद हो चुकी थी। पीड़ित ने मुआवजे की मांग की है।