फर्जी कागजातों से जमीन पर कब्जा, मामला दर्ज
सहारनपुर। फर्जी कागजात तैयार कराकर एक व्यक्ति के प्लाट पर जबरन कब्जा कर निर्माण का प्रयास किया गया। आरोप हे कि विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
देहात कोतवाली के गांव शेखपुरा निवासी फैजान अहमद के मुताबिक उसने 23 जून 2006 में पुष्पावती पत्नी हरीश से जमीन खरीदी थी। तब से वह जमीन पर काबिज था। फैजान अहमद ने आरोप लगाया कि करीब 11 साल बाद उसकी जमीन पर फर्जी कागजातों के सहारे आरोपी अशोक कुमार जैन निवासी इंदिरा कॉलोनी ने कब्जे का प्रयास किया और 23 जनवरी 2018 को उसकी जमीन पर चार-पांच लोगों के साथ मिलकर निर्माण कराना शुरू कर दिया। जानकारी पर जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने अपने मालिकाना हक के फर्जी कागजात उसे दिखाए और विरोध करने पर उस पर तमंचा तान दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में फैजान ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में आरोपी अशोक कुमार जैन के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी का मामला दर्ज किया है।