सहारनपुर। कबाड़ व्यापारी अब्दुल रहीम की हत्या के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अभी एक अन्य आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के बुड्ढीमाई चौक पर दस जुलाई की रात को मंडी कोतवाली के मोहल्ला शाहजी सराय निवासी कबाड़ व्यापारी अब्दुल रहीम (48 वर्ष) पुत्र फजलुर्रहमान की अपने घर जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक अब्दुल रहीम के पुत्र शफात ने मोहल्ला बंजारान निवासी इमरान, थाना मंडी के पुल बंजारन के आलम तथा आमिर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में तीसरे दिन ही इमरान को गिरफ्तार कर उसके पास से चाकू बरामद कर लिया था। जबकि आमिर और आलम फरार चल रहे थे। सोमवार की रात को कुतबशेर पुलिस को हत्या में शामिल एक आरोपी के रेलवे स्टेशन की ओर जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और माल गोदाम के पास से आमिर निवासी पुल बंजारन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आमिर ने हत्या के पीछे स्क्रैप के कारोबार को लेकर हुआ विवाद बताया। पुलिस इस मामले में नामजद तीसरे आरोपी आलम की तलाश कर रही है।