दिल्ली के टप्पेबाजों ने दिया था 37 लाख की चोरी को अंजाम
सहारनपुर। दिल्ली के टप्पेबाजों ने सहारनपुर में आकर व्यापारी की कार से 37 लाख रुपयों से भरा बैग चोरी किया था। पुलिस को टप्पेबाजों का अहम सुराग हाथ लगा है, जिसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। एक दो दिन में मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अंबाला रोड पर कार एजेंसी चलाने वाले चंडीगढ़ निवासी रबिन सैनी की कार से बुधवार रात टप्पेबाजों ने कार से कूलेंट टपकने का बहाना बनाकर सीट पर रखा 37 लाख रुपये से भरा बैग निकाल लिया था। रात होने के कारण सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ सके थे। पुलिस तभी से टप्पेबाजों की तलाश में लगी हुई थी। पुलिस को इस मामले में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो टप्पेबाजों की लोकेशन दिल्ली में बताई जा रही है। जिनकी तलाश में पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि टप्पेबाज पकड़े जाएंगे और रुपये भी बरामद हो जाएंगे। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने का पूरा प्रयास कर रही है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।