रविदास मंदिर में मूर्ति के लिए रखे एक लाख रुपये चोरी
चिलकाना (सहारनपुर)। गांव मरोड़गढ़ में स्थित रविदास मंदिर में मूर्ति स्थापना के लिए रखे गए एक लाख रुपये चोर चोरी कर ले गए। मंदिर समिति ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार की रात गांव मरोड़गढ़ में स्थित रविदास मंदिर परिसर की दीवार कूद कर चोर मंदिर प्रांगण में पहुंच गए। चोरों ने मंदिर में एक दान पात्र में रखे एक लाख रुपये चोरी कर लिए। बताया गया कि यह धनराशि मंदिर में मूर्ति स्थापना के लिए एकत्र करके रखी गई थी। चोरों ने मंदिर में स्थित एक कुटिया का ताला तोड़कर वहां रखे दो हजार रुपये भी चोरी कर लिए। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो चोरी का पता चला। मंदिर समिति के प्रबंधक सेम कुमार तथा धर्मेंद्र, मोनू, राजेंद्र, कबूल सिंह, महेंद्र सिंह आदि ने थाने में तहरीर देकर मंदिर से चोरी गए रुपये तथा चोरी करने वाले चोर का पता लगाने की मांग की है। थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि रविदास मंदिर में चोरी होने की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।