बेहट (सहारनपुर)। खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गई महिला के साथ उसके गांव के ही दो लोगों ने छेड़छाड़ की। आरोप है, कि विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। पीड़िता के पति ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली में दी गई तहरीर में एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है, कि उसकी पत्नी शाम करीब साढ़े तीन बजे चारा लेने के लिए गई थी। आरोप है, कि उसके गांव के ही दो लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके शरीर के साथ छेडछाड़ करने लगे। आरोप है, कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया और मौके से भाग गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है। उधर कोतवाली प्रभारी छोटे सिंह का कहना है, कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।