सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला में मंगलवार की रात तीन युवकों ने चाकू से आतंकित कर एक विवाहिता को बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने शोर मचाने पर उसके बच्चों की हत्या करने की धमकी दी। विवाहिता के पति ने मंडी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता के घर में मंगलवार की रात को तीन युवक घुस गए। उस समय उसका पति बाजार से दवा लेने के लिए बाहर गया हुआ था। आरोप है कि युवकों ने चाकू से उसे आतंकित किया और उसके हाथ बांधकर गैंगरेप किया। उन्होंने शोर मचाने पर उसके बच्चों की हत्या करने की धमकी दी।
उसी समय विवाहिता का पति दवा लेकर आ गया। पति को आता देख आरोपी घर से बाहर निकले। सामने आने पर उसे धक्का देकर आरोपी फरार हो गए। विवाहिता के पति ने बताया कि तीनों अपने चेहरे पर कपड़ा लपेटे हुए थे। पति ने कमरे में पहुुंचकर बदहवास पत्नी को बंधन मुक्त कराया।
युवक ने बताया कि उसकी पत्नी ने दो लोगों को पहचान लिया है जो आपस में एक दूसरे का नाम लेकर बात कर रहे थे। जबकि तीसरे साथी को उसकी पत्नी नहीं पहचान सकी।
रात में ही महिला के पति ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस नहीं पहुंची तो वह पीड़िता को लेकर मंडी कोतवाली पहुंचा। इस मामले में दो लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है
पुलिस मामला आपसी रंजिश का मान रही है। मंडी कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान का कहना है कि मामला आपसी रंजिश का जान पड़ता है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।