नानौता (सहारनपुर)। शनिवार रात चोरो ने रेडीमेड कपड़ों की दो दुकानों की छत में नकब लगाकर व टीन शेड उखाड़कर करीब 90 हजार रुपये का कपड़ा चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदारों ने थाना पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के गंगोह रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने नगर निवासी रईस पुत्र यूनुस व जावेद खां पुत्र गफ्फार खान ने रेडीमेड कपड़ों की दुकानें कर रखी है। रविवार की सुबह जावेद व रईस अपनी दुकान पर पहुंचे तो दुकान खोलते ही दोनों दंग रह गए। दुकान में सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पड़ा था । भारी मात्रा में दुकान से कपड़ा भी गायब मिला। जावेद की दुकान में कब्रिस्तान की तरफ से छत में नकब लगाकर तथा रईस की दुकान की छत पर लगी टीन शेड को उखाड़कर चोरों ने दुकान में रखे रेडीमेड कपडे़ चोरी कर लिए। चोरी की घटना में जावेद की दुकान से करीब 65 हजार रुपये तथा रईस की दुकान से करीब 25 हजार रुपये के कपडे़ चोरी हुए। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। वही, जावेद ने बताया कि एक बार पूर्व में भी इसी प्रकार उसकी दुकान में चोरी हो चुकी हैं।