सरसावा (सहारनपुर)। पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार दोपहर बाद सरसावा के ग्राम गंघोड़ में मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, दोनों बदमाशों की टांग में गोली लगी, जबकि बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से दो तमंचों के अलावा चोरी की गई दो बैटरी भी बरामद हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस शाहजहांपुर चौकी पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय यमुनानगर की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए। पुलिस ने युवकों को रोका तो आरोपी मोटरसाइकिल तेज कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश हुसैनपुर गांव के जंगल की तरफ से यमुना किनारे पहुंच गए। बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल कर गिर गई तो पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जिससे एक गोली सरसावा थाना में तैनात सिपाही मोहित के कंधे में लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए भाग रहे बदमाशों पर फायरिंग कर दी। जिससे दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और दोनों घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल एवं चार बैटरी के अलावा दो तमंचे भी बरामद किए हैं। पुलिस ने घायल बदमाश और सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार आरोपी रियासत उर्फ भूरा तथा सादा उर्फ सूडा कैराना (शामली) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर सुनहेटी के रहने वाले हैं।
दोनों ओर से हुए एक दर्जन से अधिक फायर
पुलिस और बदमाशों की दोपहर बाद हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से एक दर्जन से अधिक फायर किए गए। दिन में गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास खेतों में कार्य कर रहे लोगों में दहशत फैल गई। लोग मौके पर एकत्रित हो गए। एसओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बताया कि बदमाशों ने करीब आधा दर्जन फायर किए। उन्हें भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
एक दर्जन मामले दर्ज हैं रियासत पर
सरसावा थाना प्रभारी भूपेंद्र ने बताया कि घायल हुए आरोपी रियासत उर्फ भूरा सहारनपुर, शामली और हरियाणा में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सादा पर पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनका एक साथी शमशेर निवासी ग्राम घाटेड़ा को एक माह पूर्व सरसावा पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
24 बैटरी हुई चोरी, अब तक छह बरामद
सरसावा थाना प्रभारी भूपेंद्र ने बताया कि बदमाशों ने गत 22 नवंबर 2018 को सरसावा क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर में मोबाइल टावर से 24 बैटरी चोरी कर ली थीं। जिसमें सोमवार को पुलिस ने चार बैटरी बरामद किए हैं, जबकि पुलिस ने 24 नवंबर को इनके एक साथी शमशेर निवासी घाठेड़ा को गिरफ्तार कर दो बैटरी बरामद की थीं।