नानौता (सहारनपुर)। एक व्यक्ति ने गांव के ही दो युवकों पर अपनी नाबालिग पुत्री के साथ तमंचे के बल पर बलात्कार किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
थाना नानौता क्षेत्र के गांव ढाकादेई निवासी एक व्यक्ति ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि बीती रात्रि करीब डेढ़ बजे सोते हुए आहट हुई, तो देखा कि गांव के ही दो युवक उसकी पुत्री के साथ देशी कट्टे के बल पर उसके साथ बलात्कार कर रहे हैं। व्यक्ति द्वारा शोर मचाए जाने पर उक्त दोनों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शोर मचाने पर पड़ोसियों को मामले से अवगत कराया गया। इस संबंध में जब उसने अपनी पुत्री से जानकारी किया तो उसने बताया कि उक्त दोनो युवकों ने उसकी अश्लील वीडियो बना रखी है। जिसके चलते उक्त लोग उसके साथ पिछले करीब 4 माह से देशी तमंचे के बल पर बलात्कार करते आ रहे है। इसी के कारण वह करीब 3 माह की गर्भवती भी हो चुकी है। पीड़ित पिता ने थाने पर तहरीर देकर दोनो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उधर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।