गंगोह (सहारनपुर)। पुलिस ने गांव बीनपुर के जंगल में छापेमारी कर गोवध की तैयारी में लगे दो लोगों को पकड़ लिया। मौके से बांधकर डाली गई दो गायों को मुक्त कराया गया। गंगोह कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव बीनपुर के जंगल में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। मौके पर गायों को बांध कर डाल रखा है। सूचना मिलते ही उक्त स्थान पर छापेमारी की गई। गोकशी की तैयारी कर रहे लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर दोनों आरोपियों गांव शाहपुर निवासी निसार और मछरौली निवासी रहतू को पकड़ लिया गया। मौके पर बंधी पड़ी दोनों गायों को बंधन मुक्त कराया गया। पुलिस बरामद उपकरणों और गायों के साथ आरोपियों को कोतवाली ले आई। रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।