बड़गांव(सहारनपुर)। सोशल मीडिया पर शब्बीरपुर के दलितों की पलायन की खबर वायरल होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी देहात ने घर घर जाकर दलितों का हाल जाना। मामला झूठा मिलने पर एसपी देहात ने खबर वायरल करने वाले की तलाश कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही हैं। इंटरनेट शुरू होते ही खुराफाती फिर सक्रिय हो गए। रविवार को गांव शब्बीरपुर में न्याय न मिलने पर दलितों परिवारों के पलायन की खबर वायरल होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना पर बैठे एसपी देहात विद्या सागर मिश्रा आनन फानन में गांव शब्बीरपुर पहुंच गए। भरी दोपहरी में घर घर जाकर दलित परिवारों से मिले और पलायन की बाबत जानकारी की। लेकिन गांव से एक भी परिवार के पलायन की पुष्टि नहीं हो पाई। मामला झूठा पाये जाने एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने अफवाह फैलाने वाले की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सोशल साईट पर पुलिस नजर लगाए हुए है। माहौल बिगाड़ने वाले को बख्शा नहीं जायेगा।