लूट की घटनाओं में तीन आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। पुलिस ने एक के बाद एक लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर किया है। ये घटनाएं आरोपियों ने सरसावा, रामपुर मनिहारन और जनकपुरी थाना क्षेत्र में की थीं। आरोपियों के पास से लूटी गईं पांच बाइक बरामद हुई हैं।
बुधवार को जनकपुरी पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम को लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों की लोकेशन जनता रोड पर मिली। तीनों टीमों ने जनता रोड पर नाकाबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने जनता रोड पर आशा माडर्न स्कूल के पास से तीन लोगों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शुभम एवं अर्जुन निवासी सालियर तीतरो तथा नदीम उर्फ रोहित निवासी कैलाश विहार कोतवाली देहात बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन बाइक तीन मोबाइल फोन, एक बैग, एटीएम कार्ड, दो तमंचे, कारतूस और एक चाकू बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शुभम के किराए के मकान पवन विहार से दो बाइक बरामद कीं।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। शुभम एवं अर्जुन पर चोरी, लूट, हमला एवं गैंगस्टर समेत 13-13 मुकदमे दर्ज हें। जिनमें छह मामले कुतुबशेर थाना में, दो मामले जनकपुरी में, एक चिलकाना, एक सरसावा तथा गैंगस्टर के मामला गंगोह एवं गागलहेड़ी में दर्ज है। अर्जुन पर जबकि नदीम पर जनकपुरी में दो, सरसावा तथा रामपुर में एक-एक मामला दर्ज है।
इन घटनाओं को दिया अंजाम
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से तीन घटनाओं का खुलासा किया है। 25 सितंबर को अरविंद कुमार निवासी सिंभालका जुनारदार से रात में दुकान बंद करके चकरेहटी से अपने घर सिंभालका जाते समय ग्राम खुर्द के निकट सड़क पर, धागा फैक्ट्री के पास से तीन बदमाशों ने उसे रोककर तमंचा दिखाकर उसकी बाइक, दो मोबाइल फोन और जरूरी कागजात लूटा था। 22 अगस्त को सोनू निवासी रामराज बहसूमा से अपने परिचित छोटा निवासी नंदपुर की बाइक लेकर अपने साथी रमेश निवासी रामराज को बैठाकर रामपुर मनिहारन में सब्जी लेने आया था और वापस जाते समय नंदपुर भट्टे के पास से तीनों आरोपियों ने सोनू का मोबाइल फोन, बाइक, रमेश का मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये लूटे थे जबकि 21 अगस्त को पुलिया कादरगढ़ से अंचुल कुमार निवासी नवादा सरसावा से माजरीकलां में दुकान से अपने घर जाते समय तीनों ने तमंचा दिखाकर बाइक, 1200 रुपये और मोबाइल लूट लिए थे।