सहारनपुर। जिले के एक थाने में तैनात महिला कांस्टेबल से धोखे से शादी कर दुष्कर्म करने और उसके आभूषण हड़प लेने के आरोपी सिपाही को हाथरस में निलंबित कर दिया गया है। पीड़िता कांस्टेबल ने सहारनपुर के महिला थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
सहारनपुर के एक थाना में तैनात बागपत निवासी महिला कांस्टेबल ने महिला थाना में पांच जुलाई को एफआईआर दर्ज कराई थी कि हाथरस के सहपऊ थाना की चौकी में तैनात बागपत के थाना छपरौली के ग्राम सादिकपुर सिनौली निवासी सिपाही अंकित मान ने शादीशुदा होते हुए भी धोखे से उससे शादी कर ली और अपने साथ सहपऊ में ले जाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अपने पिता कृष्णपाल और भाई सोनू उर्फ छोटू से भी उसे मिलवाया था। उन्होंने भी आरोपी के बारे में उसे कोई सही जानकारी नहीं दी। उसके शादीशुदा होने का पता चलने पर जब उसने विरोध किया तो उसके आभूषण हड़प लिए और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। यह सब घटनाक्रम 18 फरवरी 2017 से 11 मई 2018 तक चला। पीड़िता ने पूरे प्रकरण की शिकायत तत्कालीन सहारनपुर एसएसपी से की थी। एसएसपी के आदेश पर महिला थाना में आरोपी सिपाही अंकित मान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। तफ्तीश के बाद रिपोर्ट एसएसपी हाथरस को भेजी गई। जिसके बाद हाथरस एसएसपी ने आरोपी सिपाही अंकित मान को निलंबित कर दिया है।