सहारनपुर। पंत विहार निवासी सुनील कुमार रुहेला ने मेरठ के चार लोगों पर करोड़ों रुपये शेयर मार्केट में लगवाकर हड़पने का आरोप लगाया है। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में सुनील कुमार रुहेला ने बताया कि आरोपियों ने एक कंपनी में पैसे लगाकर अच्छे मुनाफे की स्कीम बताकर उससे, मुजफ्फरनगर निवासी संजय सैनी, अरविंद शर्मा एवं सुधीर शर्मा के करोड़ों रुपये लगवा लिए। जिसमें उसने अपना मकान, ऑफिस, गाड़ी बेचकर एवं जमा पूंजी सब कुछ देकर 40 लाख रुपये लगाए। आरोपियों ने पैसा शेयर मार्केट में भी लगवाया। धीरे-धीरे आरोपियों ने उनका सारा पैैसा अपने खातों में ट्रांसफर करा लिया। बाद में कंपनी को घाटा बताकर पैसे देने से मना कर दिया। जब उन्होंने दबाव बनाया तो कुछ चेक उन्हें दे दिए। जो बाद में बाउंस हो गए। उसके बाद आरोपी फरार हो गए। जिस कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। इस मामले में कुछ अन्य लोग भी संलिप्त है। जिन्होंने मिलीभगत कर लोगों का लगभग 6 करोड़ 62 लाख रुपये हड़प लिए । आरोपियों ने कई अन्य जिलों में इसी प्रकार का कारोबार चला रखा है। आरोपियों में से दो लोगों को मेरठ की नौचंदी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने एसएसपी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।