चाचा का हत्यारोपी भतीजा गिरफ्तार, जेल गया
नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने दो दिन पूर्व गांव ढकदेई में सोते वक्त किसान की गोली मार कर की गई हत्या में नामजद उसके सगे भतीजे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व एक कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है।
बता दें कि 21 सितंबर की रात गांव ढकदेई निवासी 45 वर्षीय पटेल पुत्र अजब सिंह की उसके ही घेर में रात को सोते वक्त गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक पटेल के भाई कर्मवीर ने अपने दूसरे भाई विजय पाल के पुत्र टिंकू को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार की दोपहर टिंकू को गांव बांदूखेड़ी के समीप से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कहीं भागने की फिराक में बस का इंतजार कर रहा था।
एसओ ने बताया कि मृतक पटेल अविवाहित था तथा अपने भाई कर्मवीर के साथ ही रहता था। एसओ के अनुसार मृतक ने अपने हिस्से की नकुड़-सहारनपुर रोड पर स्थित कुछ जमीन का बयाना करीब तीस लाख रुपये में लिया हुआ था। इसका हत्यारोपी टिंकू विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर टिंकू ने हत्या से एक दिन पूर्व अपने चाचा पटेल के पास पहुंचकर जमीन बेचने का विरोध करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। परंतु पटेल पर उसकी धमकी का कोई असर नहीं हुआ। इससे क्षुब्ध होकर आरोपी भतीजे टिंकू ने रात को सोते समय पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी तथा गांव से फरार हो गया था। हत्यारोपी टिंकू बीए फाइनल का छात्र है।