कार से जेवरात और नगदी से भरा बैग ले गया युवक
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला विजय विहार निवासी शकुंतला पत्नी बीपी सिंह ने बताया कि रविवार की देर शाम वह चालक के साथ कार से सब्जी खरीदने दिल्ली रोड स्थित मंडी आई थी। चालक गाड़ी से उतरकर सब्जी लेने दुकान पर चला गया और वह कार में बैठी रही। तभी एक युवक उसकी कार के पास आया, जिसने कहा कि उनके चालक के नोट जेब से निकलकर सड़क पर गिर गए हैं। महिला ने सड़क पर देखा तो दस-दस के नोट बिखरे पड़े थे। महिला ने कार से उतरकर पैसे उठाने लगी। इसी बीच युवक ने कार में रखा उसका हैंड बैग उड़ा लिया और फरार हो गया। उसने कार से अपना बैग गायब देखकर शोर मचाया, लेकिन तब युवक वहां से भाग चुका था। उसने बताया कि बैग में आठ हजार रुपये, सोने की चेन, अंगूठी, टॉप्स, मोबाइल फोन और कुछ कागजात थे। महिला ने कोतवाली सदर बाजार में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।