बड़गांव (सहारनपुर)। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भारी मात्रा में बाहर से लाई गई शराब बरामद की है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे लेकर मौके से दो युवकों को पकड़ा है। जबकि उनके तीन साथी फरार होने में सफल रहे। पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में हरियाणा से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप पहुंच रही है। पुलिस ने गांव क्यामपुर के पास जा रही एक गाड़ी फिगो को रोककर देखा तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी मिली। पुलिस ने दो युवकों को मौके से पकड़ लिया। हालांकि उनके तीन साथी मौके से भाग निकले। पकड़े गये युवकों ने अपने नाम अमरीश पुत्र राजकुमार व सतेंद्र पुत्र अनूप निवासी चिराऊ बताए हैं। पुलिस ने गाड़ी से 30 पेटी हरियाणा मार्का देशी व नौ पेटी अंग्रेजी हरियाणा मार्का शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से मिली एक बाइक स्पलेंडर व फिगो कार को सीज कर पकड़े गए, दोनों शराब सप्लायरों का चालान कर दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया फरार तीनों शराब तस्करों की तलाश में दबिश दी जा रही है।