सरकारी गाड़ी में कर अधिकारी के साथ जांच करने पहुंचे एएमए के पति
सहारनपुर। सरकारी गाड़ी में जिला पंचायत की टैक्स टीम के साथ जिला पंचायत अधिकारी (एएमए) के पति की मौजूदगी का पूरा मामला कैमरे में कैद होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। एएमए के पति और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरकारी गाड़ी में बैठकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं और इतना ही नहीं, जिला पंचायत की दुकानों की जांच की बातें भी बतौर अधिकारी के रूप में कर रहे हैं। यह पूरा वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश जारी किए हैं। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ एएमए के पति की मौजूदगी गंभीर मामला है और इसमें सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, नागल में जिला पंचायत की करीब 150 दुकानें और जमीनों का खाली हिस्सा भी पड़ा हुआ है। यहां कुछ लोग दुकानें लगाते हैं। शुक्रवार को टैक्स टीम नागल पहुंची और दुकानों आदि की जांच के नाम पर कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों का आरोप है कि गाड़ी के अंदर बैठे अधिकारियों ने धमकाकर उनसे मांग की। उनका आरोप है कि गाड़ी के अंदर जिला पंचायत अधिकारी के पति भी बैठे थे। इस वीडियो में कर अधिकारी अवधेश गोयल और अन्य कर्मचारी भी दिखाई दे रहे हैं। इसके सामने आने के बाद जिला पंचायत सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने इस मामले में टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि जिला पंचायत विभाग के कर्मचारियों के साथ एएमए के पति की मौजूदगी आशंका पैदा करती है। जांच के बाद इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एएमए सुमनलता के पति डॉ. राजमोहन मुजफ्फरनगर जिला पंचायत के सदस्य रहे हैं। इसके अलावा भाजपा से राज्यसभा के पूर्व सांसद रणवीर सिंह के भतीजे हैं। वर्तमान पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र सिंह के करीबी बताए जाते हैं। यही कारण है कि इनके खिलाफ कोई भी खुलकर कुछ भी बोलने से कतरा रहा है।