सेवानिवृत्त अध्यापक के खाते से 18 हजार रुपये निकाले
नानौता। फर्जी पेटीएम बनाकर सेवानिवृत्त अध्यापक के खाते से अलग-अलग कर 18 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर आए मेसेज को देखकर अध्यापक के पैरों तले की जमीन खिसक गई। पीड़ित अध्यापक ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नानौता क्षेत्र के गांव भावसी रायपुर निवासी राजकुमार शर्मा किसान सेवक इंटर कालेज से अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हैं। राजकुमार शर्मा के मुताबिक उनका खाता एसबीआई शाखा नानौता में है। उनके खाते से पेटीएम द्वारा 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। जबकि इससे पूर्व उनके खाते से क्रेडिट कार्ड द्वारा 8 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित अध्यापक के पास जब उनके खाते से अलग-अलग 18 हजार रुपये निकलने का मेसेज पहुंचा तो इसके अगले ही दिन वह बैंक पहुंचे। जहां उन्होंने अपने रुपये निकलने की शिकायत दर्ज कराते हुए अपने खाते पर किसी अन्य साधन द्वारा रुपये निकलने पर रोक लगवा दी। इसके बाद पीड़ित द्वारा थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।