नील गाय का शिकार, एक शिकारी पकड़ा
बेहट/शाकंभरी। शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी रेंज में रविवार तड़के शिकारियों ने एक नील गाय का शिकार कर डाला। सूचना मिलते ही रेंजर ने मौके पर पहुंचकर एक शिकारी को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। रेंजर शाकंभरी आरएन टिमोटी ने बताया कि सुबह करीब चार बजे वे गश्त पर थे। रेंज की बड़कला पूर्वी बीट में उन्हें तीन संदिग्ध लोग जंगल में घूमते हुए दिखाई दिए। उनकी गाड़ी की आवाज सुनते ही तीनों भागने लगे। पीछा करने पर इसरार निवासी गांव चुहड़पुर को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य लोग भाग निकले। मौके से एक नील गाय मृत हालत में मिली। पकड़े गए इसरार और उसके फरार साथियों द्वारा नीलगाय का शिकार किया गया। रेंजर ने बताया कि इसरार सहित उसके दोनों साथियों के खिलाफ थाना मिर्जापुर में तहरीर दे दी गई है, जबकि वन विभाग की तरफ से भी आरोपियों के खिलाफ वन जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।