ई-रिक्शा लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, तीन रिक्शा बरामद
देवबंद (सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस ने ई-रिक्शा लूटने वाले जहर खुरानी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन ई-रिक्शा बरामद की है। जबकि उनके पास से एक कटी हुई रिक्शा भी मिली है।
पिछले कई दिनों से नगर में जहर खुरानी गिरोह के सदस्य ई-रिक्शा चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर उसने रिक्शा, नगदी आदि लूटने की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने देवबंद गंगोह मार्ग से लूटी गई ई-रिक्शा लेकर जा रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन सही हालत में जबकि एक कटी हुए ई-रिक्शा बरामद की है। इतना ही नहीं पुलिस को इनके पास से दो तमंचे, कारतूस और एक चाकू भी मिला है। कोतवाल पंकज कुमार त्यागी के मुताबिक गिरफ्त में आए गिरोह के सदस्यों में थानाभवन के शाहविलायत निवासी मुस्तकीम, फजलू और हाशिम शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि बरामद ई-रिक्शाओं को उक्त लोगों ने देवबंद और नकुड़ से चुराया था। इनके खिलाफ दोनों स्थानों पर रिपोर्ट भी दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर इनका चालान किया गया है। जबकि पूछताछ के आधार पर उनके ओर भी सदस्यों की तलाश की जा रही है।
टॉपटेन सूची में शामिल शातिर अपराधी डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार
देवबंद। कोतवाली की टॉप टेन सूची में शामिल एक शातिर अपराधी को पुलिस ने पांच किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। चर्चा है कि उक्त बदमाश ने नगर में एक व्यक्ति से रंगदारी भी मांगी हुई थी।
कोतवाली पुलिस ने नगर के सांपला बस अड्डा से मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी निजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से करीब पांच किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया है। जबकि उसके खिलाफ देवबंद कोतवाली में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सूत्र बताते हैं कि हाल में ही निजाम ने नगर के एक व्यक्ति से रंगदारी भी मांगी हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि रंगदारी मांगने के मामले में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।