सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस ने एवं अभिसूचना विंग टीम ने चेकिंग के दौरान पुराना चिलकाना अड्डा से चोरी के आठ वाहनों समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि मंडी कोतवाली पुलिस और अभिसूचना विंग टीम ने पुराना चिलकाना अड्डा पर मुखबिर की सूचना पर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान सलमान निवासी मोहल्ला तेलियों वाला, खेड़ा अफगान तथा शोबी निवासी धोबी वाला, गली नंबर 12, कोतवाली मंडी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे सात मोटरसाइकिलें और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह अलग-अलग राज्यों से वाहन चोरी करते हैं और फिर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देते थे।