देवबंद (सहारनपुर)। अंबहेटा शेखा तिराहे से पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों बदमाश लूट की योजना बना रहे थे। जिनके पास से दो तमंचे व एक विदेशी पिस्टल बरामद हुआ है।
पुलिस नगर क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध धर पकड़ का अभियान चलाए हुए है। इसी के तहत शनिवार को एसआई राजीव शर्मा के नेतृत्व में कांस्टेबल इमरान, विजय कुमार, आशीष मोतला अंबेहटा शेखा तिराहे के पास पहुंचे जहां तीन लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर उन्हें दबोच लिया। राजीव शर्मा के मुताबिक कोतवाली लाकर की गई पूछताछ में गिरफ्त में लिए गए लोगों ने बताया कि वह वहां लूट की योजना बना रहे थे। इनके कब्जे से दो तमंचे, एक विदेशी पिस्टल व चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों में दिनेश उर्फ नुकुल निवासी गुनारसा, सारिक निवासी पठानपुरा दगडा और विशाल निवासी शास्त्री चौक शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध देवबंद कोतवाली में वर्ष 2014 में दो और वर्ष 2018 में चार अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।