दो व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन सहित तीन गिरफ्तार
सहारनपुर। भगवान की आपत्तिजनक पोस्ट बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के मामले में थाना जनकपुरी पुलिस ने दो ग्रुप एडमिन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इंस्पेक्टर शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि जनक नगर निवासी कमल दत्त शर्मा ने व्हाट्सएप ग्रुप पर भगवान शंकर की अश्लील फोटो डालने का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच की तो पता चला कि अब्दुल रहीम पुत्र फुरकान अहमद निवासी कैलाश विहार रमजानपुरा देहात कोतवाली और आमिर पुत्र मेहरबान निवासी गांव अंबेहटा थाना ऊन जनपद शामली ग्रुप एडमिन हैं। भगवान की आपत्तिजनक फोटो डालने के मामले में तीसरे आरोपी अफजल पुत्र अशफाक निवासी कैलाश विहार रमाजानपुरा का नाम सामने आया। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ 67आईटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बता दें कि शनिवार को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने थाना जनकपुरी में हंगामा किया था।