सहारनपुर। जमानत कराकर जेल से बाहर आए हिस्ट्रीशीटर एवं भूमाफिया सुशील गाबा तथा उसके साथियों पर फिर से शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के बाद सुशील गाबा समेत सात लोगों पर एक और मामला दर्ज किया है। पुलिस सुशील गाबा को फिर से गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
सदर कोतवाली में विकास प्राधिकरण के सचिव की ओर से विभाग को धोखे में रखकर मानचित्र पास कराने और मानदेय को दिए गए चेक के बाउंस हो जाने का मामला सात आरोपियों पर दर्ज कराया गया है।
सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सचिव सत्य प्रकाश शर्मा की ओर से सुशील बाबा गैंग पर षड्यंत्र के तहत तिरुपति गार्डन कॉलोनी का नाम बदलकर प्लाट संख्या 210 से लेकर 225 तक का स्थान परिवर्तित कर प्राधिकरण को धोखे में रख मानचित्र पास करा लेने और शुल्क के तौर पर दिया गया चेक बाउंस होने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोर्ट के माध्यम से सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दर्ज कराई गई एफआईआर में सुशील गाबा के अलावा उसका भाई प्रवीण गाबा निवासी प्रेम वाटिका मिशन कंपाउंड, ललित पोपली निवासी स्टेट बैंक कॉलोनी, अजय कुमार निवासी मिशन कंपाउंड, कुलदीप कुमार निवासी जवाहर नगर, स्वाति गोयल निवासी मिशन कंपाउंड तथा सुमन निवासी मिशन कंपाउंड शामिल हैं।
15 मार्च को ही सुशील गाबा को पिछले तीन मामलों में जमानत पर जेल से बाहर आया है।