चिलकाना (सहारनपुर)। गांव महेश्वरी निवासी परवेज पुत्र असलम ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उस की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। उसके दो बच्चे हैं। परवेज ने दूसरी शादी रेहडी-ताजपुरा निवासी महिला से की थी। उसके पास पहले से ही दो बच्चे हैं। शादी के बाद दूसरी पत्नी ने घर में लड़ाई झगड़ा करना शुरू कर दिया और पहली पत्नी के बच्चों के साथ मारपीट करने लगी। बीती रात भी उसने 3 वर्षीय बच्ची शिफा के साथ मारपीट की, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आ गई। आरोप है कि दूसरी पत्नी ने अपने मायके से अपनी मां को फोन करके बुला लिया और घर में रखे जेवर और 20 हजार रुपये लेकर अपने घर चली गई। थाने में तहरीर देकर दूसरी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। थाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।