सरसावा (सहारनपुर)। घर से गांव जाने के लिए निकले चूड़ी व्यापारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। व्यापारी का शव गांव के रास्ते पर पड़ा मिला। व्यापारी सुबह से ही लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम सरसोहेड़ी निवासी नवीन कश्यप का सरसावा में नकुड़ रोड पर चूड़ियों का शोरूम है। जबकि नवीन सरसावा में सैदपुरा रोड पर मोहन कालोनी में मकान बनाकर परिवार के साथ सरसावा में रह रहा था। बताया जाता है कि बुधवार को सुबह नवीन गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन जब दोपहर तक भी लौटकर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन नवीन को तलाश करते हुए गांव तक पहुंच गए, लेकिन वहां भी उसका कुछ पता नहीं चला। शाम चार बजे के करीब किसी ने परिजनों को बताया कि नवीन बेसुध अवस्था में आर्मी कैंप के पास से सरसोंहेड़ी जा रहे रास्ते पर पड़ा है। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो नवीन मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ सरसावा यशपाल धामा ने बताया कि परिजनों ने किसी से रंजिश या विवाद होने की बात से इंकार करते हुए इसे स्वाभाविक मौत बताया, लेकिन मृत्यु का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की बात कही। जिस पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।