सहारनपुर। सहारनपुर मोबाइल व्यापार एसोसिएशन की बैठक में एक मोबाइल कंपनी पर हैंडसेट बुकिंग के नाम पर दुकानदारों को धोखा देने का आरोप लगाया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा है कि लोगों को सस्ते नेट और कॉल का ऑफर देने के बाद मोबाइल कंपनी ने सस्ते हैंडसेट देने का ऑफर दिया। लोगों ने कंपनी के हैंडसेट खरीदने के लिए अधिकृत दुकानों के यहां बुकिंग करा दिए, लेकिन जब कंपनी के हैंडसेट आए तो सिर्फ को कंपनी द्वारा खुलवाए गए स्टोर्स पर ही बेचना शुरू कर दिया। दुकानदारों को बेवकूफ बनाया गया। लोग दुकानदारों के यहां चक्कर लगा रहे हैं। यही नहीं दुकानदारों द्वारा जमा कराई गई धनराशि भी देने में आनाकानी की जा रही है। कंपनी के अधिकारियों से बात करने पर दुकानदारों के साथ अभद्रता की जा रही है। मोबाइल कंपनी के अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। इसके विरोध में मोबाइल व्यापारी आंदोलन करने के लिए मजबूर हो गए हैं। संजय मलिक, दीपक सचदेवा ने कहा कि ऐसा धोखा देने वाले अधिकारियों को सहारनपुर जिले से बाहर किया जाएगा और इनकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर दुकानदारों की जमा धन सशर्त वापिस कराई जाएगी। बैठक में कुलदीप त्यागी, तरुण अरोड़ा, साजिद खान, जंटिल गुप्ता, सतीश नरुला, अंकित, राकेश गुप्ता मौजूद रहे।