शारदानगर में युवक की मौत, जहर देने की आशंका जताई
सहारनपुर। शहर के मोहल्ला शारदा नगर में संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दो लोगों ने युवक को जहर खिला दिया। इस कारण उसकी मौत हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला शारदा नगर निवासी विक्रांत (18 वर्ष) पुत्र बुधराम की शुक्रवार दोपहर अचानक हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार कराने के बाद परिजन उसे घर ले गए। रात में युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक हरिओम सिंह का कहना है कि मौत की वजह जहरीला पदार्थ खाना बताया जा रहा है। लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। विक्रांत दांतों के डाक्टर की दुकान पर काम करता था जबकि पिता दूरसंचार विभाग में हैं। विक्रांत के पिता बुधराम ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके बेटे को साजिश के तहत जहर खिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।