नकुड (सहारनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव साल्हापुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। युवक की मौत किसी जहरीले पदार्थ के खाने से होना बतायी जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पहुंचे ग्रामीणों के अनुसार गांव साल्हापुर निवासी 35 वर्षीय कुलबीर पुत्र ईसम सिंह कई दिनों से तनाव में था। सोमवार की सुबह करीब दस बजे कुलबीर की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन तुरंत ही उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल मुकेश गौतम ने बताया कि मौत होने के कारण अभी स्पष्ट रूप से कुछ पता नही चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत होने के कारण चल सकेगा। उधर, कोतवाली पहुंचे मृतक के परिजनों का कहना था कि कुलबीर रुपयों के लेनदेन को लेकर गत कईं दिनों से तनाव में था। मृतक के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।